महमूदाबाद,सीतापुर(उत्तर प्रदेश): स्थानीय कोतवाली में सोमवार को उस वक्त अफरातफरी की स्थिति बन गई, जब एक विवाद के सिलसिले में बातचीत के लिए पहुंचे युवक ने अचानक अपनी गर्दन पर ब्लेड चलाकर खुद को घायल कर लिया। पुलिसकर्मियों ने तत्काल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे रेफर कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, मोतीपुर निवासी राहुल रविवार शाम घर के बाहर पटाखे जला रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाली नीलम की पुत्री के बाल झुलस गए, जिसकी शिकायत नीलम ने थाने में की थी।
शिकायत के निस्तारण के लिए पुलिस ने सोमवार को दोनों पक्षों को थाने बुलाया था। बातचीत के दौरान जब महिला ने मुकदमा दर्ज कराने की मांग की, तो राहुल ने आवेश में आकर जेब से ब्लेड निकाला और अपनी गर्दन पर वार कर लिया। पुलिस अधिकारी वी.पी. श्रीवास्तव ने बताया कि घायल युवक की हालत सामान्य और खतरे से बाहर है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था पूरी तरह कायम है।


0 टिप्पणियाँ