इमलिया सुल्तानपुर,तापुर (उत्तर प्रदेश): इमलिया सुल्तानपुर थाना पुलिस ने क्षेत्र में लगातार हो रही नकबजनी की वारदातों का खुलासा करते हुए एक संगठित अंतरजनपदीय गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने ढोलई कला तिराहे के पास से सकरन थाना क्षेत्र के ग्राम धम्मन बिलवा निवासी रामचन्द्र और कमलेश को पकड़ा। इस कार्रवाई से इमलिया सुल्तानपुर और लहरपुर थाना क्षेत्र में दर्ज चोरी के पांच मामलों का अनावरण हुआ है।
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए अभियुक्तों के पास से एक अवैध तमंचा, कारतूस, 15 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण और वारदात में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर प्लेट की बोलेरो गाड़ी बरामद की गई है। पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे चारपहिया वाहनों से रेकी कर बंद मकानों को निशाना बनाते थे और चोरी का सामान सस्ते दामों पर बेच देते थे।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, दोनों अभियुक्त शातिर प्रवृत्ति के हैं। इनके खिलाफ सीतापुर, लखनऊ, बहराइच और रायबरेली के विभिन्न थानों में चोरी व गैंगस्टर एक्ट समेत दो दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी कर दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

0 टिप्पणियाँ