#सीतापुर:वन अपराधों पर लगेगी लगाम:पुलिस की तर्ज पर 'एच-2 केस' ऐप से दर्ज होंगे मामले.

सीतापुर(उत्तर प्रदेश): सामाजिक वानिकी वन प्रभाग कार्यालय में वन अपराधों के त्वरित एवं पारदर्शी निस्तारण के लिए 'एच-2 केस' मोबाइल ऐप के संचालन का प्रशिक्षण दिया गया। अब पुलिस विभाग की तर्ज पर वन अपराधों का पंजीकरण, साक्ष्यों का अभिलेखीकरण और प्रकरणों की मॉनीटरिंग डिजिटल माध्यम से की जाएगी।

प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी नवीन खण्डेलवाल ने बताया कि इस नई व्यवस्था से वन अपराध नियंत्रण में एकरूपता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होगी। ऐप के जरिए मामलों के पंजीकरण से लेकर संबंधित दस्तावेजों को अपलोड करने और प्रकरण की प्रगति रिपोर्ट का डिजिटल अनुश्रवण करना संभव होगा।

प्रशिक्षण के दौरान लखनऊ मुख्यालय की आईटी सेल टीम ने अधिकारियों और कर्मचारियों को ऐप के व्यावहारिक उपयोग का अभ्यास कराया। टीम ने विभिन्न प्रकार के वन अपराधों को दर्ज करने, साक्ष्य अपलोड करने और आगामी कार्यवाही की चरणबद्ध प्रक्रिया को उदाहरणों के साथ समझाया।

इस अवसर पर उप प्रभागीय वनाधिकारी बिसवां, उप प्रभागीय वनाधिकारी सीतापुर सहित प्रभाग की सभी रेंजों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। विभाग का मानना है कि इस आधुनिक तकनीक के उपयोग से वन संपदा की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ