रेउसा,सीतापुर(उत्तर प्रदेश): विकासखंड रेउसा स्थित रघुनाथ एकेडमी विद्यालय में स्कूली बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ का मामला सामने आने पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर नियम विरुद्ध तरीके से संचालित की जा रही नौ-सीटर वैन को एआरटीओ सर्वेश चतुर्वेदी की टीम ने सीज कर रेउसा थाने में निरुद्ध करा दिया है। साथ ही वाहन पर 32 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम रघुनाथ एकेडमी की 9-सीटर वैन में 15 से अधिक बच्चों को ठूंस-ठूंस कर ले जाने का एक वीडियो सामने आया था। किसी व्यक्ति ने यह वीडियो बनाकर जिलाधिकारी को भेजकर गोपनीय शिकायत दर्ज कराई थी। मामला मासूम बच्चों की सुरक्षा से जुड़ा होने के कारण डीएम ने तत्काल संज्ञान लेते हुए परिवहन विभाग को जांच व सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। गुरुवार सुबह एआरटीओ सर्वेश चतुर्वेदी ने टीम के साथ विद्यालय पहुंचकर वाहन की गहन जांच की। जांच के दौरान सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन पाए जाने पर तुरंत प्रवर्तन कार्रवाई की गई।
"जिला प्रशासन तथा मेरे संज्ञान में आया कि वाहन नियम विरुद्ध संचालित है तथा सड़क सुरक्षा के विपरीत है। मामला स्कूली बच्चों से जुड़ा था, इसलिए त्वरित प्रवर्तन कार्रवाई करते हुए वाहन को रेउसा थाने में निरुद्ध किया गया है। स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।"...सर्वेश चतुर्वेदी एआरटीओ (प्रशासन/प्रवर्तन)
परिवहन विभाग की इस अचानक कार्रवाई से क्षेत्र के स्कूल प्रबंधकों और अनधिकृत वाहन चालकों में हड़कंप मच गया है।

0 टिप्पणियाँ