#सीतापुर:मध्याह्न भोजन योजना की व्यवस्थाओं में सुधार को लेकर शिक्षक संघ ने सौंपा ज्ञापन.

संवाददाता(तुषार मिश्रा)

सीतापुर(उत्तर प्रदेश):उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में संचालित मध्याह्न भोजन योजना के संचालन संबंधी समस्याओं के निराकरण की मांग की है। इस संबंध में संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष व जिलाध्यक्ष रवींद्र दीक्षित और जिला मंत्री हंसराज वर्मा के नेतृत्व में शिक्षकों ने जिलाधिकारी को संबोधित एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी फूल चंद्र यादव को सौंपा।

ज्ञापन में बताया गया है कि मध्याह्न भोजन योजना के संचालन और भोजन निर्माण में ग्राम पंचायत स्तर की भी भूमिका होती है। संघ का कहना है कि विद्यालयों में कोई अनियमितता पाए जाने पर अक्सर केवल प्रधानाध्यापक या प्रभारी प्रधानाध्यापक को जिम्मेदार मान लिया जाता है। शिक्षकों ने मांग की है कि ऐसे मामलों में निष्पक्ष जांच कर वास्तविक जिम्मेदारी तय होने के बाद ही कोई कार्रवाई की जाए। 

ज्ञापन में योजना से जुड़ी कई व्यावहारिक समस्याओं का भी उल्लेख किया गया। इनमें गैस सिलेंडरों की आपूर्ति का अभाव, बंद कनेक्शनों का नवीनीकरण न होना, नए सिलेंडर खरीदने के लिए धनराशि की कमी और जर्जर रसोईघरों की स्थिति शामिल है। संघ ने मांग की है कि रसोईघरों की मरम्मत कराई जाए, भोजन की गुणवत्ता और भुगतान राशि के अनुपात की उचित जांच हो, तथा रसोइयों के चयन में प्रधानाध्यापकों की भूमिका को सीमित रखा जाए।

इसके साथ ही, महमूदाबाद विकास क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय छंगापुर के एक मामले का जिक्र करते हुए संघ ने संबंधित शिक्षिका के खिलाफ दर्ज प्रथम सूचना रिपोर्ट को वापस लेने का अनुरोध किया है। जिलाध्यक्ष रवींद्र दीक्षित ने प्रशासन से सभी समस्याओं के शीघ्र निराकरण की अपील की है। ज्ञापन सौंपने के दौरान विभिन्न ब्लॉकों के पदाधिकारी तथा सैकड़ों शिक्षक उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ