#सीतापुर:मानपुर में 'भारत माता की जय' के नारों के साथ निकली भव्य तिरंगा यात्रा.

मानपुर,सीतापुर(उत्तर प्रदेश):आजादी के पर्व के उपलक्ष्य में क्षेत्र के जगमोहन दास कुटी से मानपुर स्थित विवेकानंद इंटर कॉलेज तक एक भव्य एवं विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। देशभक्ति के तरानों और 'भारत माता की जय' के गगनभेदी जयघोष के बीच निकली इस यात्रा में स्थानीय नागरिकों एवं स्कूली बच्चों ने बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी दर्ज कराई।

जगमोहन दास कुटी से प्रारंभ होकर यह यात्रा प्रमुख रास्तों से गुजरती हुई विवेकानंद इंटर कॉलेज परिसर में जाकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान हाथों में तिरंगा थामे बच्चे और नागरिक पूरे उत्साह के साथ देशभक्ति के गीत गाते हुए चल रहे थे।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से पहुंचे क्षेत्रीय विधायक निर्मल वर्मा ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। यह यात्रा हर नागरिक में राष्ट्रप्रेम और एकता की भावना को सुदृढ़ करती है। वहीं, भाजपा जिला उपाध्यक्ष जया सिंह ने भी क्षेत्रवासियों को राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।

इस अवसर पर पूर्व मंडल अध्यक्ष छैल बिहारी शुक्ला, अजय द्विवेदी, विनय शुक्ला 'मोनी', राजेश शुक्ला तथा कृष्ण गोपाल गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे। सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह पुलिस स्टाफ के साथ में मुस्तैद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ