सीतापुर(उत्तर प्रदेश): दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने तम्बौर थाना क्षेत्र के चिड़िमारन टोला निवासी दिव्यांग राकेश कुमार को ट्राईसाइकिल प्रदान की।
राकेश कुमार के निचले अंगों में 80 प्रतिशत स्थायी दिव्यांगता है। दैनिक आवागमन में हो रही कठिनाइयों को लेकर उन्होंने जिलाधिकारी को आवेदन देकर सहायता की गुहार लगाई थी। डीएम के निर्देश पर अधिकारियों ने पात्रता की जांच की और नियमानुसार उन्हें ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराई गई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने कहा कि दिव्यांगजनों का कल्याण और सशक्तिकरण शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। सहायक उपकरण उनके दैनिक जीवन को सुगम बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनपद में संचालित कल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करें और समयबद्ध तरीके से पात्र लाभार्थियों तक लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें।
ट्राईसाइकिल मिलने पर राकेश कुमार ने खुशी जाहिर करते हुए जिलाधिकारी व जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

0 टिप्पणियाँ