कमलापुर,सीतापुर(संवाददाता):जनपद में अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत कमलापुर पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस टीम ने कम्हरिया चौराहा के पास मानपुर रोड पर घेराबंदी कर फर्जी नंबर प्लेट लगी वैगनआर कार से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए अंतर्राज्यीय गिरोह के चार शातिर तस्करों को गिरफ्तार कर लिया।
चेकिंग के दौरान पकड़ी गई कार
एसपी अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर एएसपी दक्षिणी दुर्गेश कुमार सिंह व सीओ सिधौली विशाल गुप्ता के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक इतुल चौधरी की पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। मानपुर रोड पर आ रही एक वैगनआर कार को रोककर तलाशी ली गई, तो उसमें से 999 पावरस्टार फाइन व्हिस्की की 94 बोतल, वजीर डीलक्स व्हिस्की की 35 बोतल और पावरस्टार रम की 10 बोतल समेत कुल 139 बोतल प्रत्येक 750 मिली अवैध शराब बरामद हुई।
सीतामढ़ी के रहने वाले हैं चारों आरोपित
गिरफ्तार किए गए सभी आरोपित बिहार के जनपद सीतामढ़ी के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार पकड़े गए तस्करों की पहचान रंजीत कुमार पुरनइयाटोला, थाना सय्यारा, रतनेश कुमार सिंह पचमढ़िया, थाना बथनहा, विक्की कुमार जलसी, थाना सय्यारा और अजय सिंह रामनगरा, थाना रीगा के रूप में हुई है।
टोल व पुलिस से बचने को बदली थी नंबर प्लेट
पूछताछ में तस्करों ने बताया कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी होने के कारण वे हरियाणा व चंडीगढ़ से सस्ते दामों में शराब खरीदकर बिहार के विभिन्न जिलों में ऊंचे दामों पर बेचते थे। रास्ते में पुलिस व टोल टैक्स से बचने के लिए कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी। पुलिस ने कार को धारा 207 एमवी एक्ट में सीज कर सभी आरोपितों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम और बीएनएस की सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर चालान न्यायालय भेज दिया है।



0 टिप्पणियाँ