सीतापुर(उत्तर प्रदेश): रिजर्व पुलिस लाइन्स के प्रांगण में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस अत्यंत धूमधाम, भव्यता और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार राकेश राठौर 'गुरु' उपस्थित रहे, जिनका पुलिस लाइन्स आगमन पर जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. एवं पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने स्वागत किया। इसके बाद मुख्य अतिथि ने सम्मानपूर्वक राष्ट्रध्वज फहराया। सुसज्जित पुलिस गार्द द्वारा राष्ट्रध्वज को सलामी दी गई तथा उपस्थित अधिकारियों व जवानों ने एक सुर में राष्ट्रगान का गायन किया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि राकेश राठौर 'गुरु' ने अमर शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि देश की आंतरिक सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस बल का योगदान सराहनीय है। सभी को पूरी निष्ठा और कर्तव्यनिष्ठा के साथ राष्ट्र सेवा में तत्पर रहना चाहिए।
इस अवसर पर उत्कृष्ट व सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। विशिष्ट सेवाओं के लिए पुलिस महानिदेशक उ०प्र० का सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह निरीक्षक गोपनीय कुलदीप कुमार गुप्ता, निरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह व उपनिरीक्षक सतीशचन्द्र को प्रदान किया गया। ऑपरेशनल कार्यों के लिए मुख्य आरक्षी अमरेन्द्र कुमार द्विवेदी को डीजीपी प्रशंसा चिन्ह व स्क्रोल दिया गया।
यूपी 112 सेवा में बेहतर कार्य के लिए पीआरवी 6062 टीम मु०आ० रामअवध राम, आरक्षी सचिन गंगवार, मु०आ० भूपेन्द्र वर्मा और उत्कृष्ट रिस्पांस टाइम के लिए दो पहिया पीआरवी 7700 टीम आरक्षी आदर्श गौतम, प्रशांत कुमार, निजाम हुसैन, होमगार्ड ज्ञान प्रकाश पाण्डेय व नुसरत अली को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही कर्तव्यपालन में सराहनीय योगदान के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा 52 महिला पुलिसकर्मियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी/दक्षिणी), समस्त क्षेत्राधिकारी व प्रतिसार निरीक्षक समेत भारी संख्या में पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।




0 टिप्पणियाँ