#सीतापुर:बिसवां-बहराइच मार्ग पर दो बाइकों की भिड़ंत में तीन युवक घायल, एक गंभीर रेफर.

बिसवां,सीतापुर(उत्तर प्रदेश): बिसवां कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बिसवां-बहराइच मार्ग पर सोमवार शाम करीब पांच बजे ग्राम पुरैनी स्थित प्रधान ढाबा के निकट दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकें सड़क पर गिरकर क्षतिग्रस्त हो गईं और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची डायल-112 पुलिस ने राहगीरों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिसवां पहुंचाया। घायलों की पहचान ग्राम लकवाबोझी निवासी आयुष वर्मा (20), मोहल्ला बादलपुरवा निवासी वैभव रस्तोगी तथा मुराऊटोला निवासी मौसम रस्तोगी (21) के रूप में हुई है।

चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद वैभव और मौसम की हालत सामान्य होने पर उन्हें घर भेज दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल आयुष वर्मा को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ