पिसावां,सीतापुर(उत्तर प्रदेश): थाना क्षेत्र के गुरसंडा गांव में सोमवार को 35 वर्षीय विवाहिता रेखा यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में नया मोड़ आया है। डॉक्टरों के पैनल द्वारा किए गए पोस्टमॉर्टम में खुलासा हुआ है कि महिला की मौत किसी रॉड के वार से नहीं, बल्कि छत से गिरने के कारण सिर में आई गंभीर चोट से हुई है। मृतका के शरीर पर मारपीट का कोई अन्य निशान नहीं मिला है।
विदित हो कि उमरिया निवासी रेखा का विवाह करीब 18 माह पूर्व शिवम यादव के साथ हुआ था। मौत के बाद मायके पक्ष ने पति पर दूसरी शादी के इरादे से लोहे की रॉड से पीटकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया था।
मायके पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने पति शिवम, ससुर रावेंद्र, देवर आशीष व शुभम सहित पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक प्रभात कुमार ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

0 टिप्पणियाँ