मानपुर,सीतापुर(उत्तर प्रदेश): क्षेत्र में सोलर पैनल की केबल चोरी कर रहे दो शातिर चोरों को ग्रामीणों ने रंगे हाथ पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई केबल और तार काटने वाला कटर बरामद कर विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों की पहचान नीरज गौतम पुत्र जगदीश निवासी अमीननगर, थाना कोतवाली देहात तथा अंकित मिश्रा पुत्र सतीश मिश्रा निवासी सहसपुर, थाना कोतवाली नगर के रूप में हुई है। दोनों आरोपी सोलर पैनल से तार काट रहे थे, तभी ग्रामीणों ने सतर्कता दिखाते हुए उन्हें मौके पर ही धर दबोचा और मानपुर पुलिस को सौंप दिया।
थाना मानपुर पुलिस ने मामले में मु0अ0सं0 155/2026 धारा 303(2) व 317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने आवश्यक लिखापढ़ी के बाद दोनों अभियुक्तों को सक्षम न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

0 टिप्पणियाँ