रामपुर मथुरा,सीतापुर(उत्तर प्रदेश):रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के केवड़ा ग्राम पंचायत के पास बुधवार दोपहर नाला पार करते समय डूबने से दो चचेरे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान सुरेंद्र और संजय के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब तीन बजे दोनों भाई खेत की ओर जा रहे थे। रास्ते में घाघरा से जुड़े नाले को पार करते समय छोटे भाई का अचानक पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। भाई को डूबता देख उसे बचाने के लिए दूसरा भाई भी तुरंत नाले में कूद गया। नाले में पानी और गहराई अधिक होने के कारण वह भी खुद को संभाल नहीं सका और दोनों गहरे जल में समा गए।
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम महमूदाबाद, तहसीलदार व प्रभारी निरीक्षक मुकेश वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों के शव नाले से बाहर निकाले जा सके। पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

0 टिप्पणियाँ