#सीतापुर: मंडलीय बेसिक तैराकी प्रतियोगिता: गोरखपुर मंडल बना ओवरऑल चैंपियन, प्रयागराज दूसरे स्थान पर.

सीतापुर(उत्तर प्रदेश): शिक्षा निदेशक बेसिक शिक्षा, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के अनुपालन में मंगलवार को तरण ताल, स्टेडियम सीतापुर में 'प्रथम अंतर मंडलीय बेसिक तैराकी प्रतियोगिता 2026' का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोरखपुर मंडल ने ओवरऑल चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया, जबकि प्रयागराज मंडल द्वितीय और लखनऊ मंडल तीसरे स्थान पर रहा।

मंत्रियों ने गुब्बारे उड़ाकर किया शुभारंभ

प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि राज्य मंत्री कारागार सुरेश राही एवं राज्य मंत्री नगर विकास राकेश राठौर 'गुरु' ने दीप प्रज्ज्वलित कर व हवा में रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाकर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक बेसिक षष्ट मंडल लखनऊ श्याम किशोर तिवारी ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में डीडीओ संतोष नारायण गुप्ता व डीआईओएस डॉ. राजेंद्र सिंह उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत बीएसए डॉ. गोरखनाथ पटेल ने किया।

गोरखपुर के तैराकों ने जमाया धाक 

बालक वर्ग की 50 मीटर फ्री स्टाइल में गोरखपुर के राजवीर प्रथम, प्रयागराज के दुर्गा प्रसाद द्वितीय व लखनऊ के यशवंत तृतीय रहे। 100 व 200 मीटर फ्री स्टाइल में गोरखपुर के लकी शर्मा ने बाजी मारी। बटरफ्लाई में आदर्श (प्रयागराज) व शुभम (गोरखपुर) अव्वल रहे। वहीं बालिका वर्ग की 50 व 100 मीटर फ्री स्टाइल में गोरखपुर की सोनम कनौजिया, 200 मीटर में साधना और इंडिविजुअल मिडिले में दुर्गा (गोरखपुर) ने पहला स्थान प्राप्त किया।

विजेता खिलाड़ियों को मिले मेडल 

अतिथियों ने विजयी खिलाड़ियों को मेडल व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। जिला व्यायाम शिक्षक राज शर्मा के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में प्रमोद दीक्षित, लौंग श्री यादव, जुल्फिकार अली, चंद्र भूषण वर्मा, रवि प्रकाश सिंह, प्रदीप तिवारी, अंकिता सिंह, आशुतोष सिंह व पंकज कनौजिया समेत कई शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ