#सीतापुर:'बच्चों से रखें अभिभावक जैसा व्यवहार', नवोदय विद्यालय पहुंचे डीएम ने शिक्षकों को दिए कड़े निर्देश.

सीतापुर (उत्तर प्रदेश)। जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने विकास खंड ऐलिया के ग्राम हरधौरपुर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पठन-पाठन, पेयजल, विद्युत व्यवस्था और भोजन की गुणवत्ता की गहन पड़ताल की।

निरीक्षण के दौरान डीएम बालिकाओं की कक्षा में पहुंचे और स्वयं शिक्षक की भूमिका में आकर छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने छात्राओं की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित निस्तारण का आश्वासन दिया। इसके बाद उन्होंने पुस्तकालय और विभिन्न कक्षाओं का भ्रमण कर शैक्षिक सुविधाओं की जानकारी ली।

रसोई घर की जांच करते हुए डीएम ने कच्चे खाद्यान्न की गुणवत्ता परखी। उन्होंने रसोइयों को अनिवार्य रूप से यूनिफॉर्म पहनने और डाइनिंग हॉल में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की हिदायत दी।

शिक्षकों के साथ बैठक में जिलाधिकारी ने कड़े निर्देश दिए कि सभी शिक्षक बच्चों के साथ अभिभावक जैसा व्यवहार करें और उनके साथ बैठकर ही भोजन करें। डीएम ने स्पष्ट किया कि यदि कोई शिक्षक दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतता है, तो प्रधानाचार्य तत्काल पत्राचार कर उन्हें व उच्चाधिकारियों को सूचित करें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ