सीतापुर(उत्तर प्रदेश): थाना महोली पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए जमीनी विवाद के चलते महिला के घर पर हमला, जानलेवा फायरिंग और तोड़फोड़ करने वाले 10 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर चलाए गए अभियान के तहत महोली पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर सभी आरोपियों को दबोचकर न्यायालय चालान कर दिया।
अकेली महिला को पाकर लाठी-डंडों से हमला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, महोली थाना क्षेत्र के ग्राम कैमहरा में वादिनी का उसके विपक्षी विपिन बाजपेयी के साथ कई वर्षों से जमीनी विवाद चल रहा था, जिसका एसडीएम महोली द्वारा बंटवारा भी किया जा चुका है। 9 अगस्त को वादिनी अपने घर में अकेली थी। आरोप है कि इसी दौरान विपक्षी विपिन बाजपेयी अपने अन्य सहयोगियों के साथ हाथों में लाठी-डंडे लेकर पीड़िता के घर में जबरन घुस आया और गाली-गलौज करते हुए फायरिंग करने लगा।
विवाद बढ़ने पर आरोपी पतंजल अवस्थी ने वादिनी को जान से मारने की नीयत से अवैध तमंचे से फायर कर दिया। हालांकि, गनीमत रही कि फायरिंग में कोई घायल नहीं हुआ और बड़ा हादसा टल गया। इसके बाद उग्र हमलावरों ने पीड़िता के घर पर लगे सोलर प्लांट को तोड़कर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया और मौके से फरार हो गए।
अवैध असलहे, कारतूस व चार वाहन बरामद
घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश कुमार सिंह के पर्यवेक्षण व सीओ महोली नागेंद्र चौबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी कर सोमवार को पतंजल अवस्थी, विपिन बाजपेयी, सुरेश चंद्र, रमापन, प्रासो, शिवभगवान, कमलेश, अंकित दीक्षित, प्रमोद दीक्षित और अंकित कुमार अवस्थी को धर दबोचा। आरोपियों के कब्जे से 315 बोर के दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस, घटनास्थल से दो खोखा कारतूस, आठ बांस के डंडे तथा घटना में प्रयुक्त तीन मोटरसाइकिलें व एक इलेक्ट्रिक स्कूटी बरामद की गई है।


0 टिप्पणियाँ