#सीतापुर:पेड़ से टकराई अनियंत्रित कार, बनारस निवासी दो सगे भाइयों की मौत, मां व चालक गंभीर.

मिश्रिख,सीतापुर (उत्तर प्रदेश): मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत कल्ली-नैमिष मार्ग पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि उनकी मां और कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, बनारस निवासी राजीव गुप्ता का परिवार सुबह करीब आठ बजे कार से नैमिषारण्य दर्शन के लिए जा रहा था। रास्ते में तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे कदम्ब के पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को मछरेहटा अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने आकाश गुप्ता (30) व यश गुप्ता (25) को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल मां नंदनी गुप्ता (50) को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ