सीतापुर(उत्तर प्रदेश): रेउसा थाना पुलिस ने क्षेत्र में हुई दो चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत एएसपी आलोक सिंह व सीओ बिसवां हर्षित चौहान के पर्यवेक्षण में रेउसा पुलिस ने यह सफलता हासिल की।
उपनिरीक्षक हरेराम यादव की टीम ने मुखबिर की सूचना पर सिकरीबेहड़ा थाना तम्बौर निवासी मिहीलाल को गिरफ्तार किया। पुलिस ने अभियुक्त के पास से ₹8,500 नकद, चार जोड़ी चांदी की पायल, एक पीली धातु का लॉकेट, दो जोड़ी बिछिया और तीन फूल की थालियां बरामद कीं।
पूछताछ में अभियुक्त ने लगभग दो माह पूर्व नगरौली और एक माह पूर्व कुसमौरा में मकानों से चोरी की वारदात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार अभियुक्त का पूर्व में भी सीतापुर व लखीमपुर खीरी में आपराधिक इतिहास रहा है। बीएनएस की संबंधित धाराओं में चालान कर आरोपी को न्यायालय भेजा गया।

0 टिप्पणियाँ