खैराबाद में सीएम के कार्यक्रम का हुआ सजीव प्रसारण, 800 महिलाओं को बांटी गईं साड़ियां.
सीतापुर(उत्तर प्रदेश): रक्षाबंधन के पावन पर्व पर प्रदेश सरकार ने वरिष्ठ महिलाओं को बड़ा उपहार दिया है। बुधवार को खैराबाद स्थित भूमिजा हॉल में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ से शुरू की गई 'लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना' के शुभारंभ का सजीव प्रसारण जनप्रतिनिधियों और महिलाओं द्वारा देखा गया।
इस योजना के तहत 60 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकीं महिलाओं को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में आजीवन निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। इससे प्रदेश की एक करोड़ से अधिक महिलाएं लाभान्वित होंगी। इसके साथ ही रक्षाबंधन पर 27 अगस्त की सुबह 6 बजे से 29 अगस्त की मध्य रात्रि तक महिलाएं अपने एक सहयात्री के साथ रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यमंत्री सुरेश राही ने कहा कि यह योजना वरिष्ठ महिलाओं को आर्थिक संबल और सम्मान देने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला ने इसे नारी सशक्तिकरण की मिसाल बताया।
समारोह में सीतापुर डिपो प्रशासन के सहयोग से लगभग 800 महिलाओं को साड़ियां व मिष्ठान वितरित किए गए। इस अवसर पर डीएम डॉ. राजा गणपति आर., सीडीओ डॉ. दीक्षा जोशी और एआरएम राकेश कुमार सहित कई अधिकारी व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।



0 टिप्पणियाँ