#सीतापुर:बंद महोली चीनी मिल की 43 हेक्टेयर जमीन पर विकसित होगा औद्योगिक पार्क, शासन को भेजा प्रस्ताव.

सीतापुर (उत्तर प्रदेश): जनपद में वर्ष 1999 से बंद पड़ी उत्तर प्रदेश राज्य चीनी निगम लिमिटेड, महोली की 43.320 हेक्टेयर निष्प्रयोज्य भूमि अब क्षेत्र के औद्योगिक विकास का नया आधार बनेगी। जिलाधिकारी ने इस भूमि के सदुपयोग के लिए शासन को विस्तृत प्रस्ताव भेजा है।

अपर मुख्य सचिव, चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास विभाग को भेजे पत्र में स्पष्ट किया गया है कि महोली नगर पंचायत स्थित यह भूमि राष्ट्रीय राजमार्ग से मात्र 2-3 किमी की दूरी पर है और रेलमार्ग से भी सुगम रूप से जुड़ी है। उत्तम कनेक्टिविटी के चलते यह स्थल लॉजिस्टिक्स पार्क, आईटी पार्क अथवा औद्योगिक क्लस्टर विकसित करने के लिए सर्वथा उपयुक्त है।

प्रस्ताव में कहा गया है कि यदि यह भूमि उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण को हस्तांतरित की जाती है, तो यहाँ सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों  की स्थापना से हजारों स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा। डीएम ने जनपद के विकास हित में प्रस्ताव पर शीघ्र निर्णय लेने का अनुरोध किया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ