लखनऊ-दिल्ली मार्ग पर 4 बसें व 12 ट्रक पकड़े, 6.10 लाख रुपये का लगा जुर्माना.
खैराबाद,सीतापुर(उत्तर प्रदेश): यातायात नियमों को ताक पर रखकर दौड़ रहे वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। एआरटीओ सर्वेश चतुर्वेदी के नेतृत्व में चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के तहत 4 अवैध बसों और 12 ओवरलोड ट्रकों समेत कुल 16 बड़े वाहनों को सीज कर दिया गया। विभाग ने पकड़े गए वाहनों पर कुल 6 लाख 10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया। इस कार्रवाई से अवैध व डग्गामार वाहन संचालकों में हड़कंप मच गया।
अभियान के दौरान लखनऊ-दिल्ली मार्ग पर सघन जांच की गई, जहां बिना वैध परमिट सवारियां ढो रहीं बसों को जब्त किया गया। साथ ही क्षमता से अधिक भार लेकर फर्राटा भर रहे 12 ट्रकों पर कार्रवाई हुई। जांच दल ने वाहनों के फिटनेस, परमिट, टैक्स, बीमा और भार क्षमता की गहनता से पड़ताल की।
एआरटीओ सर्वेश चतुर्वेदी ने बताया कि ओवरलोडिंग और बिना कागजात के वाहन चलाने से सड़क सुरक्षा प्रभावित होती है और गंभीर हादसों का खतरा बना रहता है। उन्होंने वाहन स्वामियों को चेतावनी दी कि नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अपने दस्तावेज दुरुस्त रखें, यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


0 टिप्पणियाँ