सीतापुर(उत्तर प्रदेश): जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने बुधवार को विकास खंड लहरपुर के प्राथमिक विद्यालय फरीदपुर कुटी में आयोजित ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस सत्र तथा विद्यालय की व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मिली खामियों पर जिलाधिकारी ने संबंधित प्रधानाध्यापक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एएनएम से गांव की जनसंख्या एवं टीकाकरण की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने वैक्सीनेशन किट, आइस बॉक्स और ब्लड प्रेशर मशीन का अवलोकन किया। सत्र में उपस्थित एक गर्भवती महिला से दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का फीडबैक लिया गया और मौके पर ही एएनएम से उसकी ब्लड जांच कराई गई। इसके अतिरिक्त, उन्होंने एचआरपी रजिस्टर और एएए बैठक रजिस्टर का अवलोकन करते हुए शासन की मंशा के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य व पोषण सेवाएं प्रदान करने का निर्देश दिया।
स्वास्थ्य सत्र के पश्चात जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों और अभिलेखों का जायजा लिया। निपुण तालिका रजिस्टर अपडेट न पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए प्रधानाध्यापक के विरुद्ध नोटिस जारी करने का निर्देश दिया।
दौरे के दौरान जिलाधिकारी ने कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से संवाद किया और एक छात्रा से पुस्तक पढ़वाकर शैक्षणिक स्तर को परखा। इसके बाद उन्होंने विद्यालय के रसोईघर का निरीक्षण कर मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता जांची और परिसर में स्थापित हैंडपंप के पेयजल की शुद्धता की जांच करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुखरंजन समद्दर भी मौजूद रहे।




0 टिप्पणियाँ