बिसवां,सीतापुर(उत्तर प्रदेश): कोतवाली क्षेत्र के कुतुबपुर गांव में बुधवार दोपहर सरकारी जमीन पर लगे यूकेलिप्टस के पेड़ काटे जाने की सूचना पर जांच करने पहुंचे लेखपाल के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। बिसवां देहात क्षेत्र में तैनात लेखपाल ओमप्रकाश सिंह यादव ने आरोप लगाया है कि स्थल पर मौजूद पांच लोगों ने विवाद के दौरान उनके साथ मारपीट की।
घटना के बाद स्थानीय लोगों के सहयोग से घायल लेखपाल को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनके सिर और शरीर पर आई चोटों का उपचार किया जा रहा है। राजस्व कार्य के दौरान हुई इस घटना को लेकर साथी लेखपालों ने नाराजगी जताते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित लेखपाल ने मामले के संबंध में पुलिस को तहरीर दी है। क्षेत्राधिकारी बिसवां हर्षित सिंह के अनुसार, सरकारी जमीन पर पेड़ काटे जाने और मारपीट के आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

0 टिप्पणियाँ