#सीतापुर:हाथों में तिरंगा, जुबां पर जयकारे: सीतापुर की सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब, देशभक्ति के रंग में रंगा पूरा शहर.

सीतापुर(उत्तर प्रदेश): आजादी के अमृत महोत्सव के तहत बुधवार को जनपद में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का संदेश देती भव्य पैदल तिरंगा यात्रा धूमधाम से निकाली गई। अपराह्न तीन बजे लालबाग चौराहा से शुरू हुई यह यात्रा मुख्य मार्ग से होती हुई आंख अस्पताल पहुंचकर संपन्न हुई। इसमें जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अफसरों, कर्मचारियों, पुलिस जवानों और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों व आम नागरिकों ने सहभागिता कर राष्ट्रप्रेम की अलख जगाई।

हाथों में तिरंगा थामे और 'भारत माता की जय' के जयकारे लगाते प्रतिभागियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। पूरी यात्रा के दौरान शहर देशभक्ति के रंगों में सराबोर नजर आया। लालबाग चौराहे पर पुलिस व पीएसी बैंड की राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत धुनों और स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक व अनुशासित बैंड प्रस्तुतियों ने हर किसी का मन मोह लिया। मार्ग में जगह-जगह आम नागरिकों ने भी तिरंगा यात्रा का गर्मजोशी से स्वागत किया।


यात्रा का नेतृत्व कर रहे जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने कहा कि तिरंगा यात्रा राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देश की अखंडता के संकल्प को मजबूत करने का माध्यम है। ऐसे आयोजनों से युवाओं और विद्यार्थियों में राष्ट्रीय गौरव व अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ती है। उन्होंने 'हर घर तिरंगा' का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

आयोजन में भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला, सीडीओ डॉ. दीक्षा जोशी, एडीएम आयुष चौधरी, एसडीएम सदर जनार्दन सहित जनपद स्तरीय अधिकारी व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम ने सीतापुर में राष्ट्रभक्ति और सामाजिक एकजुटता की अनूठी मिसाल पेश की।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ