महमूदाबाद,सीतापुर(उत्तर प्रदेश): जनपद में अपराध नियंत्रण व अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत महमूदाबाद कोतवाली पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस टीम ने यूपी गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहे तीन शातिर अंतर्जनपदीय अपराधियों को लखनऊ बाईपास अमीरगंज क्रॉसिंग के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देश और क्षेत्राधिकारी महमूदाबाद वेदप्रकाश श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में उपनिरीक्षक संजय सिंह की टीम ने यह कार्रवाई की। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान सलमान उर्फ गरी निवासी रमुवापुर, इब्राहिम उर्फ मो. इब्राहिम निवासी सरावगी टोला तथा आमीर उर्फ मो. आमिर निवासी कुरैशी मार्ग, महमूदाबाद के रूप में हुई है। तीनों अभियुक्तों के विरुद्ध थाने में धारा 3(1) यूपी गैंगस्टर एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त बेहद शातिर किस्म के अपराधी हैं, जो सीतापुर और लखनऊ में चोरी, नकबजनी व लूट की वारदातों को अंजाम देते थे। आपराधिक इतिहास के मुताबिक इब्राहिम पर लखनऊ व सीतापुर के विभिन्न थानों में 18, आमीर पर 8 और सलमान पर 6 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए तीनों का चालान न्यायालय भेज दिया है।

0 टिप्पणियाँ