अटारिया,सीतापुर(संवाददाता):अटरिया पुलिस ने संवेदनशीलता और तत्परता की मिसाल पेश करते हुए रास्ता भटकी एक बुजुर्ग महिला और परिजनों से बिछड़े सात वर्षीय मासूम को सकुशल उनके घर पहुंचाया। अपनों को सुरक्षित पाकर परिजनों की आंखें छलक आईं और उन्होंने पुलिस टीम का आभार जताया।
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देशन में चलाए जा रहे मानवीय सहायता अभियान के तहत मंगलवार को एंटी रोमियो टीम कस्बा अटरिया में चेकिंग कर रही थी। इस दौरान रमनगरा निवासी 70 वर्षीय रामपति रास्ता भटककर घूमती मिलीं। पुलिस टीम ने उनसे अपनत्व से बातचीत कर घर की जानकारी जुटाई और उनके पोते कुलदीप को बुलाकर महिला को सौंप दिया।
वहीं, दूसरे मामले में कमलापुर क्षेत्र की नई बस्ती निवासी सात वर्षीय आदित्य परिजनों से बिछड़कर भटकते हुए अटरिया पहुंच गया था। बालक अपना पता बताने में असमर्थ था। पुलिस ने त्वरित प्रयास कर परिजनों की तलाश की और उसके पिता दिलीप यादव को थाने बुलाकर बालक को सुरक्षित सुपुर्द किया। इस मानवीय कार्य में उप-निरीक्षक अशोक कुमार शुक्ला, महिला आरक्षी आकांक्षा पाल और सुभी पाल की प्रमुख भूमिका रही।


0 टिप्पणियाँ