सीतापुर(उत्तर प्रदेश): जनपद के सेवांता हॉस्पिटल में इलाज के नाम पर धन उगाही और हालत बिगड़ने पर लखनऊ ले जाते समय मरीज की मौत के मामले में जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। परिजनों के हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. व मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुखरंजन समद्दर ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच समिति गठित की है।
प्रकरण की जांच के लिए बनाई गई दो सदस्यीय समिति में उपजिलाधिकारी सदर न्यायिक सीमा सिंह और जिला चिकित्सालय के सर्जन डॉ. अनूप कुमार को शामिल किया गया है।
जिलाधिकारी ने जांच टीम को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे अस्पताल की स्थलीय एवं अभिलेखीय पड़ताल कर आठ अगस्त की शाम तक अपनी स्पष्ट जांच आख्या अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करें। जांच आख्या के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


0 टिप्पणियाँ