संदना,सीतापुर(उत्तर प्रदेश):सीतापुर के संदना विकासखंड क्षेत्र में पिछले 40 दिनों से बाघिन का आतंक बना हुआ है और वन विभाग उसे नियंत्रित करने में नाकाम साबित हो रहा है। शनिवार को इमलीपुरवा गांव में बाघिन को पकड़ने के लिए चारे के रूप में बांधे गए पड़वे का उसने शिकार कर लिया। हैरत की बात यह रही कि मौके पर ट्रैंकुलाइजर गन के साथ मुस्तैद वन विभाग की टीम को बाघिन की भनक तक नहीं लगी और वह आराम से शिकार कर निकल गई। बाद में खेत में पड़वे का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ।
गौरतलब है कि मिश्रिख रेंज के रसूलवा गांव में 15 जुलाई को बाघिन ने किसान कमल किशोर को मौत के घाट उतार दिया था। ग्रामीणों का कहना है कि बाघिन इससे पहले भी दो बार पड़वे को मार चुकी है। क्षेत्र में लगातार गश्त और दहशत के कारण बच्चों का स्कूल जाना और किसानों का खेतों पर निकलना दूभर हो गया है, जिससे वन विभाग की कार्यप्रणाली के खिलाफ लोगों में आक्रोश है। रेंज इंचार्ज सिकंदर सिंह के मुताबिक, इलाके में बाघिन के ताजा पगचिह्न मिले हैं और सघन कॉम्बिंग अभियान जारी है।

0 टिप्पणियाँ