हरगांव,सीतापुर(उत्तर प्रदेश): हरगांव थाना पुलिस और सर्विलांस टीम ने क्षेत्र में ई-रिक्शा व बैटरी चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए गिरोह के तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 अदद ई-रिक्शा बैटरी, 15,800 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त लोडर वाहन बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम ने लहरपुर-हरगांव मार्ग स्थित कोरैय्या पुल के पास से जसवंत, रमेश दोनों निवासी टिपोना, मिश्रिख और जान मोहम्मद उर्फ सलमान निवासी मछरेहटा को दबोचा।
पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे खड़े ई-रिक्शों को सुनसान स्थान पर ले जाकर उनकी बैटरियां निकाल लेते थे और उन्हें कबाड़ियों को बेच देते थे। पकड़े गए आरोपियों ने हरगांव सीएचसी, रेलवे ओवरब्रिज और बरियाडीह गांव के पास से चोरी की तीन घटनाओं को कबूला है। पुलिस ने सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया है।

0 टिप्पणियाँ