बिसवां,सीतापुर(उत्तर प्रदेश):पवित्र श्रावण मास में कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. एवं पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने बिसवां स्थित प्रसिद्ध चहलारी घाट तथा ऐतिहासिक पत्थर शिवाला मंदिर का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाट पर स्नान सुरक्षा, बैरिकेडिंग, गोताखोरों की तैनाती, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और साफ-सफाई का गहन जायजा लिया। डीएम ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है; व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसपी अंकुर अग्रवाल ने सुरक्षा प्रबंधों को सुदृढ़ रखने के लिए कांवड़ मार्गों व मंदिर परिसर में पर्याप्त पुलिस बल की मुस्तैदी और सुचारु यातायात प्रबंधन के निर्देश दिए, ताकि जलाभिषेक के दौरान श्रद्धालुओं को जाम या अव्यवस्था का सामना न करना पड़े। इस दौरान स्थानीय प्रशासन व पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

0 टिप्पणियाँ