महमूदाबाद,सीतापुर(उत्तर प्रदेश): महमूदाबाद तहसील क्षेत्र स्थित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय, हाजीपुर में अध्ययनरत एक छात्र का वीडियो इलेक्ट्रॉनिक मीडिया पर प्रसारित होने के मामले को जिला प्रशासन ने बेहद गंभीरता से लिया है। जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने प्रकरण की निष्पक्ष व त्वरित जांच के लिए दो सदस्यीय संयुक्त समिति का गठन किया है। इस जांच समिति में उप जिलाधिकारी महमूदाबाद तथा एसीएमओ डॉ. एम.एल. गंगवार को सदस्य नामित किया गया है।
जिलाधिकारी द्वारा जारी निर्देशानुसार, जांच समिति को विद्यालय का स्थलीय निरीक्षण करने के साथ-साथ संबंधित छात्र की स्वास्थ्य संबंधी स्थिति की भी गहन जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। समिति को एक कार्य दिवस के भीतर अपनी स्पष्ट जांच आख्या 15 अगस्त तक अनिवार्य रूप से जिलाधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराने को कहा गया है, जिससे अग्रिम विधिक व प्रशासनिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

0 टिप्पणियाँ