#सीतापुर:खुरपका-मुंहपका रोग: जिले में 3.99 लाख पशुओं का हुआ टीकाकरण, सीवीओ ने परखी प्रगति

सीतापुर(उत्तर प्रदेश): जनपद में पशुओं को खुरपका-मुंहपका  रोग से सुरक्षित रखने के लिए 22 जुलाई से 8 सितंबर तक टीकाकरण अभियान का आठवां चरण चलाया जा रहा है। जिले को मिले 7.76 लाख वैक्सीन डोज के सापेक्ष 19 अगस्त तक 3,99,050 पशुओं का टीकाकरण पूरा कर लिया गया है। इनमें से 70,224 पशुओं का डेटा 'भारत पशुधन पोर्टल' पर दर्ज हो चुका है।

अभियान की गुणवत्ता जांचने के लिए मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. एम.पी. सिंह चंदेल ने बुधवार को मछरेहटा ब्लॉक के ग्राम पहाड़पुर में औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम मौके पर टीकाकरण करते पाई गई।

सीवीओ ने विभागीय टीम को शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने और पोर्टल पर समयबद्ध अंकन सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने पशुपालकों से अपील की कि वे अपने पशुओं को गंभीर बीमारी से बचाने के लिए विभागीय टीमों का सहयोग कर टीकाकरण अवश्य कराएं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ