#सीतापुर:पिरई नदी में डूबे युवक का शव 20 घंटे बाद बरामद, परिवार में कोहराम.

सीतापुर(उत्तर प्रदेश): थाना इमलिया सुल्तानपुर क्षेत्र अंतर्गत पिरई नदी में नहाते समय डूबे 19 वर्षीय युवक का शव करीब 20 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रविवार सुबह बरामद कर लिया गया। शव मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के अनुसार, पिपरी खुर्द निवासी रवि राठौर (19) पुत्र विजय शंकर शनिवार दोपहर करीब 12 बजे अपने दोस्तों के साथ गाड़ी घाट देवरिया पुल के पास पिरई नदी में नहाने गया था। इस दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। दोस्तों के शोर मचाने पर पहुंचे ग्रामीणों और स्थानीय गोताखोरों ने शनिवार दोपहर से ही तलाश शुरू कर दी थी।

रात में अंधेरे के कारण अभियान रुका, जिसके बाद रविवार सुबह पुनः गोताखोरों को उतारा गया। सुबह करीब 8 बजे युवक का शव नदी से बाहर निकाला गया। प्रभारी निरीक्षक आशीष तिवारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और विधिक जांच की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ