डॉ. उदय शंकर भगत
वाराणसी (उत्तर प्रदेश)। शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश की। संघ के वरिष्ठ शिक्षक नेता सनत कुमार सिंह के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने विगत वर्षों की परंपरा को निभाते हुए राजकीय चिकित्सालय, कबीरचौरा में स्वैच्छिक रक्तदान किया।
रक्तदान शिविर को संबोधित करते हुए सनत कुमार सिंह ने कहा कि रक्तदान वास्तव में महादान है। समाज में आज भी इसे लेकर फैली झिझक और भ्रांतियों को दूर करना बेहद जरूरी है। रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे स्वस्थ रहने पर नियमित रक्तदान को अपनी सामाजिक जिम्मेदारी बनाएं। इस दौरान शिक्षकों ने ‘ज्ञान का प्रकाश फैलाने और रक्तदान कर जीवन बचाने’ का सामूहिक संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर संघ के मंत्री अनूप सिंह, कोषाध्यक्ष मनोज कुमार, ऑडिटर राजेश सिंह, संगठन मंत्री विजय लाल गुप्ता एवं उपाध्यक्ष ललित सिंह सहित कई शिक्षक पदाधिकारी मौजूद रहे।


0 टिप्पणियाँ