#सीतापुर पुलिस का बड़ा एक्शन: विशेष अभियान में 32 वांछित व वारंटी दबोचे, न्यायालय में किया पेश.

 सीतापुर(उत्तर प्रदेश):जिले में कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने और लंबे समय से फरार चल रहे अपराधियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक धरपकड़ अभियान छेड़ा है। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत पुलिस टीमों ने कुल 32 वांछित और वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया।


क्षेत्राधिकारियों के पर्यवेक्षण में अलग-अलग थानों की टीमों ने संभावित ठिकानों पर दबिश देकर यह कार्रवाई की। इस दौरान कोतवाली देहात और रामकोट थाना पुलिस ने सबसे अधिक आठ-आठ वारंटियों को दबोचा। कोतवाली देहात से लल्ला, पवन सिंह, अख्तर अली, लाखन, सुनील, कुलदीप, बलिराम व रामसहारे पकड़े गए, वहीं रामकोट पुलिस ने पप्पू, संजय, नन्हके, दूबर, दिलदार, रहीश, मनोज कुमार और प्रदीप को हिरासत में लिया।

रेउसा पुलिस ने अदालत से जारी वारंट के आधार पर सात लोगों, कल्लू, जगदीश, रमावती, दीपू, सद्दाम, पवन गौतम और मुनेश्वर को गिरफ्तार किया। सकरन पुलिस ने तीन वारंटियों महावीर, केशव व मायाराम को और इमलिया सुल्तानपुर पुलिस ने भी तीन वारंटियों शिवकुमार, काविन्द व आसिफ को दबोचने में सफलता हासिल की। 

हरगांव थाना क्षेत्र से दो वारंटी रंजीत सिंह व मुकेश तिवारी पकड़े गए, जबकि सदरपुर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न गंभीर धाराओं में वांछित चल रहे अभियुक्त सूरज चौहान को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार अदालती आदेशों की अवहेलना करने वालों और वांछितों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ