गणेश महोत्सव: बप्पा की महाआरती के साथ गूंजे जयकारे, आज 5100 भक्त पाएंगे महाप्रसाद.

- उत्तराखंड के कलाकारों ने मनमोहक झांकियों से बांधा समां, चौकी प्रभारी पूजा कटियार ने सपरिवार की महाआरती

 -पंजाबी धर्मशाला हादसे के मृतकों की शांति और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए की गई विशेष प्रार्थना

सीतापुर(संवाददाता): शहर के लालबाग पार्क में चल रहे प्रसिद्ध ‘लालबाग के राजा’ गणेश महोत्सव में बुधवार की रात आस्था और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। पंडाल में विघ्नहर्ता गजानन को 56 प्रकार के व्यंजनों का महाभोग अर्पित किया गया। इसके उपरांत मुख्य यजमान चौकी प्रभारी श्रीमती पूजा कटियार ने सपरिवार बप्पा की विधि-विधान से आरती कर आशीर्वाद लिया। देर रात तक चले भव्य सांस्कृतिक समारोह में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही और पूरा परिसर गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से गूंज उठा।


जीवंत हुआ शिव विवाह, भूत-प्रेतों की बारात ने मोहा मन.सांस्कृतिक संध्या में उत्तराखंड से पधारे प्रसिद्ध कलाकार कपिल बावरा एवं उनकी टीम ने धार्मिक व पौराणिक प्रसंगों पर आधारित मनमोहक झांकियां प्रस्तुत कीं। मंचन के दौरान भगवान भोलेनाथ के विवाह और उनकी विचित्र बारात का सजीव दृश्य देख श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। औघड़दानी शिव के गणों और भूत-प्रेतों के वेश में सजे कलाकारों के अभिनय ने दर्शकों को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया। देर रात तक श्रद्धालु इन आलौकिक क्षणों को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते नजर आए।

हादसे के दिवंगतों को श्रद्धांजलि, घायलों के लिए की प्रार्थना.धार्मिक उल्लास के बीच संवेदनशीलता का परिचय देते हुए पंडाल में एक शोक सभा भी हुई। हाल ही में पंजाबी धर्मशाला में हुए दर्दनाक हादसे के दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए सामूहिक शांति पाठ किया गया। साथ ही भगवान विघ्नहर्ता से इस हादसे में घायल हुए नागरिकों के शीघ्र और पूर्ण स्वास्थ्य लाभ की करबद्ध प्रार्थना की गई। समिति पदाधिकारियों ने बताया कि महोत्सव में बच्चों, महिलाओं और युवाओं की सहभागिता से उत्सव का माहौल बना हुआ है। व्यवस्था संचालन में समिति अध्यक्ष चंद्रिका प्रसाद रस्तोगी 'पालू', संरक्षक गप्पू रस्तोगी, कोषाध्यक्ष अजय जाधव, मंत्री सुधीर पाण्डेय, अंकुर रस्तोगी, राज रस्तोगी, दयाशंकर रस्तोगी, संजू रस्तोगी, रोहित रस्तोगी, अनिमेष सेठ व मनीष पाठक परिवार का विशेष सहयोग रहा।

आज 5100 भक्तों का विशाल भंडारा, कल नैमिषारण्य में विसर्जन.महोत्सव के क्रम में गुरुवार को लालबाग पंडाल में भव्य महाआरती के साथ विशाल भंडारे का आयोजन होगा। समिति की ओर से लगभग 5100 श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद का प्रबंध किया गया है। वहीं, शुक्रवार को गाजे-बाजे के साथ बप्पा की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। नगर भ्रमण के उपरांत लालबाग के राजा को पवित्र तीर्थ नैमिषारण्य स्थित देवेश्वर धाम ले जाया जाएगा, जहां पूर्ण वैदिक रीति-रिवाज के साथ प्रतिमा का विसर्जन संपन्न होगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ