#सीतापुर:भजनों की रसधार में देर रात तक झूमे श्रद्धालु, कलाकारों का हुआ सम्मान.

सीतापुर(संवाददाता):शहीद पार्क स्थित लालबाग में चल रहे 'लालबाग के राजा' गणेश महोत्सव में आयोजित भजन संध्या में कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। तत्सव सेवा संस्थान के सौजन्य से आयोजित इस सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ गणपति वंदना से हुआ, जिसके बाद देर रात तक भजनों का दौर चला।

लखनऊ से आईं प्रख्यात लोक गायिका शालिनी मिश्रा ने बाबा के दिव्य दरबार पर आधारित भजनों की प्रस्तुति देकर समां बांध दिया। उनके भजनों पर श्रद्धालु और आयोजक झूमते नजर आए। वहीं भजन गायक सुरेंद्र सिंह और अनूप निषाद ने भी अपनी सुमधुर आवाज और लोकप्रिय भजनों से पूरे पंडाल को तालियों और जयकारों से गुंजायमान कर दिया।


 कलाकारों की एक के बाद एक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।कार्यक्रम के समापन पर महोत्सव समिति द्वारा सभी आमंत्रित कलाकारों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर समिति के प्रमुख चंद्रिका प्रसाद रस्तोगी 'पालू', अध्यक्ष व मंत्री राज रस्तोगी, सुधीर पांडे, अंकुर रस्तोगी और राहुल गुप्ता समेत कई पदाधिकारी व गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं ने देर रात तक भजनों का आनंद लिया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ