#सीतापुर:पानी की टंकी से सोलर उपकरण चुराने वाले हिस्ट्रीशीटर समेत दो शातिर दबोचे, पिकअप व तमंचा बरामद.

सीतापुर(संवाददाता)। जनपद में अपराध नियंत्रण व अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मछरेहटा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने जल निगम की पानी की टंकी से सोलर इनवर्टर व बैटरा चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए थाने के हिस्ट्रीशीटर समेत दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के कब्जे से चोरी का माल, घटना में प्रयुक्त बोलेरो मैक्स पिकअप, नकबजनी के औजार और एक अवैध तमंचा मय कारतूस बरामद हुआ है।

जल निगम की टंकी को बनाया था निशाना.पूछताछ में आरोपियों ने कुबूल किया कि वे पहले रेकी करते थे और फिर सुनसान इलाकों में चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। करीब 15 दिन पूर्व अभियुक्तों ने ग्राम खर्ग बहादुरपुर मजरा ढकिया स्थित जल निगम की पानी की टंकी से औजारों की मदद से इनवर्टर व दो बड़े बैटरे खोले थे। चोरी का माल पिकअप में लादकर छिपा दिया गया था, जिसे वे बेचने की फिराक में थे।

घेराबंदी कर बड़रावा से दबोचे गए अभियुक्त.पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर अपराध रोकथाम के तहत चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश कुमार सिंह व क्षेत्राधिकारी मिश्रिख विशाल गुप्ता के नेतृत्व में मछरेहटा थानाध्यक्ष रजनीश कुमार वर्मा की टीम ने संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम बड़रावा के पास घेराबंदी कर पिकअप सवार अनिल निवासी पहलीपुरवा व तिलक राज निवासी मटरूआ, मिश्रिख को गिरफ्तार कर लिया।

हिस्ट्रीशीटर अनिल पर दर्ज हैं कई मुकदमे.तलाशी के दौरान पिकअप से चोरी का इनवर्टर, दो बैटरे, हथौड़ी, पेचकस, आरी ब्लेड सहित अन्य उपकरण बरामद हुए। अभियुक्त अनिल के पास से 12 बोर का एक तमंचा व जिंदा कारतूस भी मिला। पुलिस के मुताबिक, अनिल मछरेहटा थाने का हिस्ट्रीशीटर (HS 354-A) है और उसके खिलाफ गैंगस्टर, आर्म्स एक्ट व चोरी समेत करीब एक दर्जन संगीन मामले दर्ज हैं। पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर दोनों का चालान न्यायालय भेज दिया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ