सीतापुर(उत्तर प्रदेश)।सीतापुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। कोतवाली नगर क्षेत्र के लोहार बाग इलाके में एक महिला से मंगलसूत्र लूटने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देशन में गठित विशेष टीमों ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से लुटेरे की पहचान की और उसे धर दबोचा।
मोबाइल किस्त के कर्ज से परेशान होकर बना अपराधी
पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त जलालुद्दीन, जो कोतवाली देहात के ग्राम अकोइया का निवासी है, ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने पुलिस को बताया कि मोबाइल की किश्त समय पर जमा न कर पाने के कारण वह आर्थिक तंगी से जूझ रहा था, जिसके चलते उसने लूट की इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी के पास से लूटा गया मंगलसूत्र और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।
कानूनी कार्रवाई,अभियुक्त जेल भेजा गया
घटना के अनावरण के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आवश्यक विधिक कार्यवाही पूरी करने के बाद अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक ने घटना के त्वरित खुलासे के लिए पुलिस टीम की सराहना की है।
0 टिप्पणियाँ