"अभी तो उतरी भी न थी सेहरे की रंगत, छ दिन के मासूम के सिर से उठा पिता का साया।"
सीतापुर(उत्तर प्रदेश):ज़िले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दादी और पोते की मौत हो गई है। यह हादसा उस वक्त हुआ जब एक 19 वर्षीय युवक अपनी दादी को उनके बेटे से मिलवाने अस्पताल ले जा रहा था पुलिस के मुताबिक, घटना बिसवां-महमूदाबाद मार्ग की है। रामपुर कलां थाना क्षेत्र के लौना गाँव के रहने वाले विशाल पांडेय (19 वर्ष) अपनी दादी ज्ञाना देवी (60 वर्ष) के साथ बाइक से महमूदाबाद की ओर जा रहे थे, तभी एक तेज़ रफ़्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
खुशियां मातम में बदलीं
इस हादसे ने स्थानीय लोगों और परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया है। विशाल की शादी करीब डेढ़ साल पहले हुई थी और इसी महीने की पहली तारीख (1 मई) को उनके घर बेटे का जन्म हुआ था।परिवार में अभी नए मेहमान के आने की खुशियां मनाई ही जा रही थीं कि इस हादसे ने सब कुछ उजाड़ दिया। जिस बच्चे ने अभी अपने पिता को ठीक से देखा भी नहीं था, उसके सिर से पिता का साया उठ गया।
अस्पताल जाने के दौरान हुआ हादसा
परिजनों ने बताया कि विशाल की दादी ज्ञाना देवी अपने बेटे वीरेंद्र को देखने लखनऊ जा रही थीं। वीरेंद्र दो दिन पहले छत से गिरकर घायल हो गए थे और अस्पताल में भर्ती थे।स्थानीय पुलिस के अनुसार टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि दोनों बुरी तरह घायल हो गए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (पहला) ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश कर रही है।शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस मामले की जाँच कर रही है। प्रशासन का कहना है कि अज्ञात वाहन चालक की पहचान करने की कोशिशें तेज़ कर दी गई हैं।
0 टिप्पणियाँ