# सीतापुर: लहसुन की खरीदारी करने आए लखनऊ के युवक की नदी में डूबने से मौत

सन्दन,सीतापुर(उत्तर प्रदेश): थाना सन्दना क्षेत्र के अंतर्गत शाहपुर गांव के पास सराय नदी में नहाने के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ लखनऊ के बिठौली चौराहे का रहने वाला एक सब्जी व्यवसाई अपने दोस्तों के साथ नदी में नहाते समय गहरे पानी में समा गया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।
लहसुन की मंडी से लौटते वक्त बनी जलसमाधि
मिली जानकारी के अनुसार, लखनऊ के बिठौली चौराहा निवासी मनीष (22) पुत्र त्रिभुवन लाल अपने तीन दोस्तों जिब्राइल, रियाज और अमन के साथ इलाके में लहसुन की खरीदारी करने आया था। कारोबार का काम निपटाने के बाद, गर्मी से राहत पाने और मनोरंजन के उद्देश्य से चारों दोस्त ग्राम शाहपुर के पास बह रही सराय नदी के तट पर पहुँच गए। यहाँ चारों दोस्तों ने नदी में नहाने का मन बनाया, जो मनीष के लिए काल साबित हुआ।
जोश में होश खोया, तैरकर पार करने की चुनौती बनी काल
मृतक के पिता त्रिभुवन लाल ने बताया कि नदी के पानी को देखकर युवक उत्साहित हो गए थे। इसी उत्साह में मनीष ने नदी को तैरकर पार करने की कोशिश शुरू कर दी। चश्मदीद दोस्तों के मुताबिक, मनीष बीच धारा में पहुँचकर हिम्मत हार गया और गहरे पानी में डूबने लगा। जब तक किनारे पर मौजूद साथी कुछ समझ पाते या मदद के लिए शोर मचाते, मनीष लहरों के बीच ओझल हो चुका था।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। आनन-फानन में गोताखोरों की मदद से युवक को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। जवान बेटे की मौत की खबर जैसे ही लखनऊ पहुँची, घर में चीख-पुकार मच गई। सन्दना थाना पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ