#सीतापुर(उत्तर प्रदेश):जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित ‘मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना’ के अंतर्गत सत्र 2026-27 के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की नि:शुल्क कोचिंग कक्षाओं के संचालन हेतु आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके तहत सिविल सेवा UPSC/UPPCS, JEE, NEET, NDA और CDS जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं की तैयारी के लिए युवाओं को विशेषज्ञ मार्गदर्शन मिलेगा।
जनपद में राजकीय इंटर कॉलेज सीतापुर में कोचिंग का संचालन पहले ही हो चुका है। इसके अतिरिक्त, कृषक इंटर कॉलेज महोली और विकास खंड परिसर सिधौली को भी नया केंद्र बनाया गया है। इन केंद्रों पर कक्षाओं का लाभ उठाने के इच्छुक छात्र-छात्राएं किसी भी कार्य दिवस में अपने समस्त शैक्षिक एवं अन्य प्रमाण पत्रों के साथ उपस्थित होकर आवेदन पत्र प्राप्त कर सकते हैं और उसे पूर्ण रूप से भरकर जमा कर सकते हैं।
प्रशिक्षण के लिए अभ्यर्थियों का चयन प्रवेश परीक्षा या काउंसलिंग के आधार पर किया जाएगा। आयोग और परीक्षा एजेंसियों द्वारा निर्धारित शैक्षिक योग्यता के अनुसार सभी वर्ग के पात्र छात्र इन कक्षाओं के लिए आवेदन करने हेतु योग्य हैं। योजना से संबंधित किसी भी प्रकार की अधिक जानकारी के लिए दूरभाष नंबर 7355969053, 9140113800और 7007434804 पर संपर्क किया जा सकता है।
0 टिप्पणियाँ