मछरेहटा के राठौरपुर गांव की घटना, घायल को इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया.
मछरेहटा,सीतापुर(संवाददाता):थाना क्षेत्र के ग्राम राठौरपुर में शनिवार को पुरानी रंजिश के चलते दो भाइयों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। कहासुनी बढ़ने पर बड़े भाई सुनील सिंह ने अवैध तमंचे से छोटे भाई अभय सिंह पर फायरिंग कर दी, जिससे गांव में सनसनी फैल गई।
स्वजन की मदद से घायल अभय सिंह को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। पुलिस ने पीड़ित की पत्नी की तहरीर पर आरोपित के विरुद्ध बीएनएस की धारा 109(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
क्षेत्राधिकारी मिश्रिख विशाल गुप्ता ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित सुनील सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा भी बरामद हुआ है।

0 टिप्पणियाँ