बिसवां,सीतापुर(संवाददाता):लोक आस्था और सूर्योपासना के महापर्व छठ की शुरुआत नहाय-खाय के साथ पारंपरिक रूप से हो गई। श्रद्धालुओं ने स्नान कर नए वस्त्र धारण किए और भगवान भास्कर की पूजा-अर्चना कर व्रत का संकल्प लिया। रसोई की सफाई के बाद व्रतियों ने बिना लहसुन-प्याज के लौकी और चावल का भोजन ग्रहण किया।
बिसवां शुगर फैक्ट्री के निकट हनुमान मंदिर के पास प्रतिवर्ष की भांति अस्थाई तालाब बनाकर श्रद्धा व धूमधाम से यह पर्व मनाया जा रहा है। समीप रहने वाली बिंदा देवी मिश्रा ने बताया कि संतान की कामना तथा परिवार में सुख-शांति व समृद्धि के लिए किए जाने वाले इस महापर्व में व्रती 36 घंटों तक कठिन व्रत रखते हैं। वे लगातार 31 वर्षों से यहां पूजा कर रही हैं। प्रसाद हेतु गेहूं को धोकर व सुखाकर आटा पिसवाया जाता है, जिससे खरना और ठेकुआ तैयार होता है।

0 टिप्पणियाँ