विभिन्न मुद्दों पर जवाब मांगने पहुंचे क्रांतिकारी विचार मंच के कार्यकर्ता; नजूल भूमि की जांच की मांग
सीतापुर(संवाददाता)। यूजीसी बिल, एससी-एसटी एक्ट, आरक्षण व्यवस्था, क्षेत्रीय विकास और युवाओं के रोजगार जैसे मुद्दों पर जवाब मांगने को लेकर शनिवार दोपहर क्रांतिकारी विचार मंच के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस सांसद राकेश राठौर के आवास का घेराव किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष सौरभ सिंह के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन के दौरान शहर कोतवाल दिनेश पांडे और सौरभ सिंह के बीच तीखी नोकझोंक हुई। उस समय सांसद आवास पर मौजूद नहीं थे।
संगठन पदाधिकारियों के अनुसार, एक नवंबर से सांसद से इन विषयों पर सार्वजनिक पक्ष रखने की मांग की जा रही है, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है। राष्ट्रीय महासचिव संदीप अवस्थी ने सांसद पर जनता के सवालों से बचने का आरोप लगाया।
प्रदर्शनकारियों ने सांसद आवास के पास नगरपालिका की नजूल भूमि पर कथित कब्जा कर वाहन पार्किंग बनाने का भी आरोप लगाया। संगठन ने दो महीने में निष्पक्ष जांच कर भूमि कब्जामुक्त न कराने पर वहां जिला कार्यालय का नींव पूजन करने की चेतावनी दी है। प्रदर्शन में सैकड़ों क्षेत्रीय नागरिक शामिल रहे।


0 टिप्पणियाँ