सीतापुर(उत्तर प्रदेश): महमूदाबाद क्षेत्र स्थित सरैयां कस्बे में शुक्रवार देर रात एक भीषण अग्निकांड में लाखों रुपये का नुकसान हो गया। सरैयां किसान इंटर कॉलेज के सामने स्थित 'एस.ई. ऑटो सेल्स' हीरो मोटरसाइकिल एजेंसी में रात करीब 2:30 बजे शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। एजेंसी के बाहर लगी डोर बेल के तार आपस में टकराने से घंटी लगातार बजने लगी, जिसकी आवाज सुनकर ऊपर मकान में रह रहे एजेंसी संचालक इरफान के पिता नीचे पहुंचे।
उन्होंने भीतर से धुआं और आग की तेज लपटें निकलते देख तुरंत परिवार और संचालक को सूचित किया। दमकल विभाग और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि एजेंसी के ऊपर रिहायशी इलाका होने के बावजूद सभी सदस्य सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। संचालक इरफान के अनुसार, आग में नई मोटरसाइकिलें, फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक सामान सहित काफी नुकसान हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
0 टिप्पणियाँ