सड़क हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से जख्मी, लखनऊ रेफर.

बिसवां,सीतापुर(संवाददाता): कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत लहरपुर मार्ग पर गुरुवार देर रात एक बेकाबू पिकअप ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना को अंजाम देकर चालक वाहन सहित मौके से भाग निकला।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मोहल्ला झज्झर निवासी सुनील गौतम पुत्र हुसैनी लाल बाइक पर सवार होकर लहरपुर मार्ग से कस्बे की ओर लौट रहे थे। इंडियन बैंक के समीप विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के प्रभाव से सुनील छिटककर सड़क किनारे जा गिरे और अचेत हो गए।

आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस बुलाई और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के उपरांत उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए लखनऊ ट्रॉमा सेंटर स्थानांतरित कर दिया। परिजनों ने घायल की हालत चिंताजनक बताई है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर फरार पिकअप चालक की तलाश शुरू कर दी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ