सीतापुर में बारिश के बीच भरभराकर गिरी कच्ची दीवार, मलबे में दबकर युवक की दर्दनाक मौत.

इमलिया सुल्तानपुर,सीतापुर(संवाददाता)।क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। थाना क्षेत्र के नौवा महमूदपुर गांव में कच्ची दीवार ढहने से उसके मलबे में दबकर 32 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नौवा महमूदपुर निवासी बांके बिहारी (32) पुत्र रामप्रसाद शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे अपने घर के पास सफाई कर रहा था। इसी दौरान सीलन के कारण कच्ची दीवार अचानक भरभराकर उसके ऊपर गिर पड़ी। चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर बांके बिहारी को बाहर निकाला।

परिजन आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल युवक को इमलिया अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही इमलिया सुल्तानपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद से गांव में शोक व्याप्त है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ