सड़क सुरक्षा पखवाड़ा का उद्घाटन आयोजन 16 से 30 नवंबर तक, प्रचार वाहनों को दिखाई हरी झंडी

परिवहन विभाग की ओर से 16 से 30 नवंबर तक चलाया जाएगा विशेष जागरूकता अभियान

 एआरटीओ प्रशासन सर्वेश चतुर्वेदी की अगुवाई में निकली प्रचार वाहन व बाइक रैली, एडीएम न्यायिक ने दिखाई हरी झंडी

सीतापुर(संवाददाता) : सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को परिवहन विभाग की ओर से सड़क सुरक्षा पखवाड़े का शुभारंभ किया गया। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) सर्वेश चतुर्वेदी की अगुवाई में 30 नवंबर तक चलने वाले इस विशेष अभियान का उद्घाटन अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) खालिद अंजुम ने किया। इस अवसर पर एआरटीओ सर्वेश चतुर्वेदी ने वाहन चालकों से यातायात नियमों को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।

गुणवत्तापूर्ण हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग बेहद जरूरी.समारोह को संबोधित करते हुए एआरटीओ (प्रशासन) सर्वेश चतुर्वेदी ने कहा कि हेलमेट और सीट बेल्ट का नियमित प्रयोग सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को कम करने का सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने आमजन से अपील की कि दोपहिया वाहन पर यात्रा करते समय सदैव गुणवत्तापूर्ण हेलमेट पहनें और चार पहिया वाहन में सवार प्रत्येक यात्री सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करे। एआरटीओ ने बताया कि 30 नवंबर तक जनपद के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक किया जाएगा। सड़क सुरक्षा के नियमों को अपनाकर ही दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है


कानून के डर से नहीं, परिवार की सुरक्षा के लिए मानें नियम.अभियान का शुभारंभ करते हुए अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) खालिद अंजुम ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। सड़क हादसों को रोकना केवल प्रशासन या परिवहन विभाग का दायित्व नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने कहा कि वाहन चलाते समय बरती गई थोड़ी सी लापरवाही किसी परिवार की खुशियां उजाड़ सकती है। इसलिए कानून के डर से नहीं, बल्कि अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए नियमों का पालन करें। उन्होंने निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, गलत दिशा में न जाने, यातायात संकेतों का सम्मान करने और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का प्रयोग न करने पर जोर दिया।

प्रचार वाहनों व बाइक रैली के जरिए दिया जागरूकता संदेश.शुभारंभ समारोह के उपरांत एडीएम न्यायिक खालिद अंजुम व एआरटीओ सर्वेश चतुर्वेदी ने हरी झंडी दिखाकर प्रचार वाहनों एवं बाइक रैली को रवाना किया। परिवहन दफ्तर परिसर से शुरू हुई प्रचार वाहन रैली वैदेही वाटिका तक निकाली गई। रैली में शामिल बाइक सवारों ने सिर पर हेलमेट लगाकर सुरक्षित यातायात का संदेश दिया और लोगों को निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने व मोबाइल का प्रयोग न करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में परिवहन विभाग के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी, मोटर ड्राइविंग से जुड़े लोग व वाहन स्वामियों सहित 250 से अधिक लोग मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ