बिसवां में कांग्रेस की 'वोट बचाओ, देश बचाओ' चौपाल, मतदाता सूची से नाम काटने का आरोप

बिसवां,सीतापुर(संवाददाता): अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अभियान 'वोट बचाओ, देश बचाओ' के तहत बिसवां में जनचौपाल व जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी अब्दुल हन्नान और वरिष्ठ नेता अरशद खुर्शीद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कन्दुनी चौराहा से स्वागत के साथ शुरू हुई यात्रा राजा डीह, मधवापुर चौराहा और बाबा बाजार होते हुए देवियापुर चौराहा पर संपन्न हुई।जनचौपाल को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि अब्दुल हन्नान ने आरोप लगाया कि डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा दिए गए मताधिकार का हनन किया जा रहा है। प्रदेश प्रवक्ता प्रियंका गुप्ता ने प्रदेश में डेढ़ लाख वोट काटे जाने का आरोप लगाते हुए सरकार से जवाबदेही तय करने और काटे गए नाम पुनः जोड़ने की मांग की।

जिलाध्यक्ष डॉ. ममता वर्मा और नगर अध्यक्ष अमर मेहरोत्रा ने मताधिकार की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने की बात कही। कार्यक्रम का संचालन सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र कुमार सैनी ने किया। इस दौरान राकेश वर्मा, प्रदीप सिंह चौहान, मेराज अहमद सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ